मानव अग्न्याशय के ऊतकों में भी हुई शोध की पुष्टि, मधुमेह के इलाज के लिए नई दवाओं के विकास की उम्मीद
कानपुर। मधुमेह के कारणों को समझने की दिशा में आईआईटी कानपुर के वैज्ञानिकों ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। संस्थान के शोधकर्ताओं ने पता लगाया है कि अग्न्याशय में मौजूद प्रतिरक्षा कोशिकाएं महज कुछ मिनटों में इंसुलिन का स्राव रोक सकती हैं। इस प्रक्रिया को नियंत्रित करने वाले नए आणविक तंत्र की पहचान भी की गई है। शोध के निष्कर्ष प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल Journal of Clinical Investigation में प्रकाशित हुए हैं।
जैविक विज्ञान एवं जैव अभियांत्रिकी विभाग के डॉ. साई प्रसाद पायडी के नेतृत्व में सिमरन सिंह और आशीष कुमार ने यह अध्ययन किया। शोध में पाया गया कि अग्न्याशय में मौजूद मैक्रोफेज नामक प्रतिरक्षा कोशिकाएं इंसुलिन बनाने वाली बीटा कोशिकाओं से सीधे संवाद करती हैं और उनके कामकाज को प्रभावित करती हैं।
वैज्ञानिकों के अनुसार, इस प्रक्रिया में सूजन पैदा करने वाले प्रोटीन के बजाय स्फिंगोलिपिड्स नामक वसा अणु संदेशवाहक की भूमिका निभाते हैं। मैक्रोफेज की सतह पर मौजूद GPR18 रिसेप्टर इस प्रक्रिया को शुरू करता है। इसे अवरुद्ध करने पर इंसुलिन का सामान्य स्राव बहाल होने की संभावना सामने आई है।
शोधकर्ताओं ने चूहों पर प्रयोग के साथ मानव अग्न्याशय के ऊतकों में भी इस प्रक्रिया की पुष्टि की। इसके लिए अमेरिका के इंडियाना बायोसाइंसेज रिसर्च इंस्टीट्यूट का सहयोग लिया गया।
यह खोज मोटापे और टाइप-2 मधुमेह से प्रभावित लोगों में बीटा कोशिकाओं की कार्यक्षमता सुरक्षित रखने के लिए नई दवाओं के विकास का रास्ता खोल सकती है। हालांकि, फिलहाल यह शोध है, कोई तैयार उपचार नहीं।
