पूर्व में कुलपति की ओर से भी हर्ष सोनकर के खिलाफ कल्याणपुर थाने में दर्ज कराया जा चुका है मुकदमा
Knpnews.in
कानपुर, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) एक बार फिर विवादों में आ गया है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक और उनके अधीनस्थ कर्मचारियों पर छात्र हर्ष सोनकर ने जातिसूचक गाली-गलौज, सार्वजनिक अपमान, मानसिक उत्पीड़न और बीए की डिग्री रोकने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्र ने 13 नवंबर को कल्याणपुर थाने में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
काकादेव के अंबेडकर नगर निवासी हर्ष सोनकर के मुताबिक, वह विश्वविद्यालय से संबद्ध विक्रमाजीत सिंह सनातन धर्म कॉलेज का बीए सत्र 2022 का मेधावी छात्र है। उसका दावा है कि बीए में टॉपर होने के बावजूद अनुसूचित जाति से होने के कारण पिछले दो वर्षों से उसकी डिग्री रोककर रखी गई है। इससे उसका शैक्षणिक और व्यावसायिक भविष्य प्रभावित हो रहा है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि डिग्री और शैक्षणिक कार्यों के संबंध में विश्वविद्यालय के अकादमिक ब्लॉक पहुंचने पर कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक और उनके अधीनस्थ कर्मचारियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। छात्र का आरोप है कि उसे सार्वजनिक रूप से जातिसूचक शब्द कहे गए और शिक्षा प्राप्त करने के बजाय मजदूरी करने जैसी अपमानजनक टिप्पणियां की गईं।
हर्ष ने यह भी आरोप लगाया कि उसके खिलाफ प्रतिशोध की भावना से झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया तथा उसकी आवाज दबाने का प्रयास किया गया। उसने दावा किया कि कुलपति और उनके कार्यप्रणाली से अन्य छात्र-छात्राएं भी प्रभावित हैं। तहरीर में कई अन्य विद्यार्थियों का भी उल्लेख किया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की ओर से भी हर्ष सोनकर के खिलाफ कल्याणपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। ऐसे में दोनों पक्षों के बीच विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है।
हर्ष ने पुलिस से अपनी शिकायत पर निष्पक्ष जांच, मुकदमा दर्ज करने और न्याय दिलाने की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और विश्वविद्यालय प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है।
