Knpnews.in
कानपुर, चिड़ियाघर में वन्यजीवों की मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। छह काले हिरणों की मौत, जेब्रा के नवजात बच्चे की मौत और बायसन की जान जाने के बाद अब 13 वर्षीय तेंदुए मुराद की भी मौत हो गई। लगातार हो रही इन मौतों ने चिड़ियाघर के प्रबंधन और वन्यजीवों की देखभाल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि आखिर एक के बाद एक वन्यजीवों की मौत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही कब तय होगी?
तेंदुआ मुराद को 21 अगस्त 2018 को मुरादाबाद वन विभाग से रेस्क्यू कर कानपुर चिड़ियाघर लाया गया था। जानकारी के मुताबिक, मुराद ने अपने बाड़े में खुद को घायल कर लिया था। इसके बाद उसे उपचार के लिए पशु चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों से उसका इलाज चल रहा था। बताया गया कि वह बार-बार अपने घाव को ताजा कर लेता था, जिससे संक्रमण बढ़ता गया।
प्रारंभिक तौर पर उसकी मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई जा रही है, जबकि घाव के कारण सेप्टीसीमिया यानी खून में संक्रमण फैलने की आशंका भी जताई गई है। वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी। इसके लिए शव को भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), इज्जतनगर बरेली भेजा जाएगा।
छह काले हिरणों की मौत का रहस्य भी बरकरार
सितंबर में चिड़ियाघर में लगातार चार काले हिरणों की मौत से हड़कंप मचा था। बाद में छह काले हिरणों की मौत का मामला सामने आया। शुरुआती जांच में किडनी और फेफड़ों में संक्रमण की आशंका जताई गई थी। आईवीआरआई की टीम ने चिड़ियाघर पहुंचकर जांच की, बचे हुए हिरणों का टीकाकरण कराया और बाड़ों को सैनिटाइज भी कराया। इसके बावजूद मौतों की असली वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी।
जेब्रा और बायसन की मौत ने बढ़ाई चिंता
काले हिरणों के बाद 15 साल के अंतराल पर जन्मे जेब्रा के बच्चे की महज 12 घंटे में मौत हो गई। इसके बाद दो बायसन आपस में भिड़ गए। लड़ाई के दौरान एक बायसन का सींग दूसरे के पेट में घुस गया। गंभीर रूप से घायल बायसन को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अधिक खून बहने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी।
मीडिया प्रभारी फिरोज खान से उठ रहे सवाल
लगातार हो रही मौतों के बीच चिड़ियाघर प्रशासन की जवाबदेही और सूचना व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। मीडिया प्रभारी फिरोज खान की जिम्मेदारी है कि चिड़ियाघर से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं और वन्यजीवों की स्थिति की तथ्यात्मक जानकारी मीडिया तक पहुंचे। ऐसे में सवाल है कि लगातार हो रही मौतों के कारणों, जांच की प्रगति और जिम्मेदारी तय करने के संबंध में पारदर्शी जानकारी क्यों नहीं सामने आ रही है? क्या प्रशासन केवल मौत के बाद सफाई और जांच की प्रक्रिया तक सीमित रहेगा या वन्यजीवों की सुरक्षा में कमियों की भी पड़ताल होगी?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कानपुर चिड़ियाघर में वन्यजीव सुरक्षित हैं या नहीं? लगातार सामने आ रही मौतों की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होना जरूरी है।
