Knpnews.in
कानपुर, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की पदयात्रा के दौरान बुधवार को शहर की यातायात व्यवस्था की तस्वीर उस समय सवालों के घेरे में आ गई, जब जाम में एक एंबुलेंस फंस गई। वीआईपी कार्यक्रम की सुरक्षा में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे, लेकिन मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस को रास्ता दिलाने में व्यवस्था नाकाम नजर आई। इस घटना ने वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम नागरिकों की सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं के इंतजाम पर सवाल खड़े कर दिए।
ब्रजेंद्र स्वरूप पार्क से शुरू हुई पदयात्रा 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान का हिस्सा थी। इसमें उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और विपक्षी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद विपक्ष ईवीएम और मतदाता सूची को मुद्दा बनाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।
जनसभा को संबोधित करते हुए पाठक ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने संविधान तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम किया है। मतदाता सूची का संशोधन संवैधानिक प्रक्रिया है, लेकिन विपक्ष इसे लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहा है। उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।
सपा पर हमला बोलते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार में अपराधियों और माफिया को संरक्षण मिलता था। भाजपा सरकार ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास और सुरक्षा के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की फिर सरकार बनने का भरोसा भी जताया।
कार्यक्रम में सांसद देवेंद्र सिंह भोले, रमेश अवस्थी, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, असीम अरुण, महापौर प्रमिला पांडेय समेत कई विधायक और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, पदयात्रा के दौरान एंबुलेंस का जाम में फंसना प्रशासन के लिए असहज स्थिति बन गया। वीआईपी सुरक्षा के साथ आपातकालीन यातायात को सुचारु रखने की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठे।
