Knpnews.in
बिल्हौर रिपोर्टर
कानपुर/बिल्हौर तहसील क्षेत्र के तातियागंज स्थित हिना फ्लोर मिल में ग्राम समाज की जमीन के अभिलेखों और संपत्ति रजिस्टर की जांच करने पहुंचे लेखपाल के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। लेखपाल ने मिल मालिक विजय गुप्ता समेत छह लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सभी छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ग्राम समाज की जमीन से संबंधित अभिलेखों का सत्यापन कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को लेखपाल सुनील चौधरी तातियागंज स्थित हिना फ्लोर मिल पहुंचे थे। यहां जमीन की नापजोख और सरकारी अभिलेखों के सत्यापन के दौरान मिल मालिक विजय गुप्ता और उनके साथ मौजूद लोगों से विवाद हो गया।
लेखपाल सुनील चौधरी का आरोप है कि विजय गुप्ता और उनके साथियों ने जांच कार्य में बाधा डालते हुए उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।
घटना के बाद लेखपाल ने स्थानीय थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मिल मालिक विजय गुप्ता समेत छह लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, गाली-गलौज और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
