AD

KNP News

नेताओं की तस्वीरों के पीछे छिपी लापरवाही! सिंहपुर पटाखा बाजार में नाबालिगों के हाथों बारूद का कारोबार



80 दुकानों को लाइसेंस, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल; 12 से 18 साल तक के बच्चे बेच रहे पटाखे

knpnews.in 

कानपुर, बिठूर थाना क्षेत्र के सिंहपुर में सजी पटाखों की थोक मार्केट इन दिनों नेताओं की तस्वीरों और चमक-दमक के बीच कारोबार कर रही है, लेकिन बाजार की चकाचौंध के पीछे सुरक्षा व्यवस्था और नियमों की अनदेखी के गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। करीब 80 दुकानों को पटाखा बिक्री का लाइसेंस जारी होने के बावजूद बाजार में कथित तौर पर नियमों को ताक पर रखकर नाबालिग बच्चों से पटाखों की बिक्री कराई जा रही है। मौके पर 12 से 18 वर्ष तक के कई बच्चे पटाखे बेचते नजर आए। ऐसे में सवाल है कि आखिर बारूद के इस कारोबार में बच्चों को किसकी अनुमति से लगाया गया है?

हैरानी की बात यह है कि जिस बाजार में हजारों लोगों की आवाजाही रहती है और जहां जरा सी चूक बड़े हादसे का कारण बन सकती है, वहां बच्चों के हाथों पटाखों की बिक्री का मामला सामने आ रहा है। अगर किसी दुकान में आग लगती है या कोई विस्फोट होता है तो इन बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या बाजार प्रबंधन और लाइसेंसधारक अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करेंगे या फिर हादसे के बाद एक-दूसरे पर ठीकरा फोड़कर पल्ला झाड़ लिया जाएगा?

अध्यक्ष बोले, कोई बच्चा नहीं बेच रहा पटाखे

इस मामले में पटाखा व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष हरि दीक्षित से जब नाबालिगों के पटाखे बेचने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि बाजार में ऐसा कोई बच्चा नहीं है जो पटाखे बेच रहा हो। हालांकि, स्वतंत्र हित संवाददाता के पास मौके पर नाबालिगों के पटाखे बेचने के साक्ष्य मौजूद हैं। ऐसे में अध्यक्ष के दावे और मौके की वास्तविक स्थिति के बीच विरोधाभास सामने आ रहा है। सवाल यह भी है कि जब बाजार में सब कुछ नियमों के मुताबिक है तो नाबालिगों के पटाखे बेचने के साक्ष्यों पर पदाधिकारी क्या जवाब देंगे?

वहीं, दूसरे अध्यक्ष इसरार से भी इस संबंध में बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

पुलिस ने दी कार्रवाई की चेतावनी

उधर, पुलिस का कहना है कि यदि पटाखा बाजार में कोई नाबालिग दुकान पर पटाखे बेचता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के इस बयान के बाद अब सवाल है कि बाजार में मौजूद दुकानों की जांच कब होगी और नाबालिगों से काम कराने वाले दुकानदारों की जिम्मेदारी कब तय की जाएगी?

नेताओं की तस्वीरें लगाकर बाजार की चमक बढ़ाने वाले पदाधिकारियों को अब सुरक्षा व्यवस्था की जवाबदेही भी लेनी होगी। आखिर 80 दुकानों के लाइसेंस जारी होने का मतलब क्या सिर्फ कारोबार की अनुमति है या सुरक्षा नियमों का पालन कराना भी बाजार प्रबंधन की जिम्मेदारी है? प्रशासन को चाहिए कि पूरे बाजार का निरीक्षण कर नाबालिगों से पटाखे बिकवाने के मामले की जांच करे और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करे।