AD

KNP News

कानपुर सेंट्रल से निकलते ही बेपटरी हुई चौरी चौरा एक्सप्रेस, चार कोच पटरी से उतरे


Knpnews.in


कानपुर, सेंट्रल स्टेशन पर बुधवार शाम चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतरने से रेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। हादसा उस समय हुआ, जब ट्रेन स्टेशन से रवाना होकर कुछ ही दूरी आगे बढ़ी थी। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी यात्री के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करा दिया।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जाने वाली ट्रेन संख्या 15003 चौरी चौरा एक्सप्रेस बुधवार को कानपुर अनवरगंज स्टेशन से रवाना होकर कानपुर सेंट्रल पहुंची थी। यहां प्लेटफॉर्म नंबर सात से शाम 5:03 बजे ट्रेन ने गंतव्य के लिए प्रस्थान किया। इसके महज दो मिनट बाद शाम करीब 5:05 बजे स्टेशन से आगे बढ़ते ही ट्रेन के चार कोच पटरी से उतर गए। प्रभावित कोचों में बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 शामिल हैं। रेलवे के मुताबिक, चारों कोच की एक-एक ट्रॉली पटरी से उतरी है।

अचानक हुए हादसे से यात्रियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए। डिप्टी सीटीएम कानपुर के नेतृत्व में राहत कार्य शुरू कराया गया। वहीं, प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। रेलवे की टीमें ट्रैक और प्रभावित कोचों की स्थिति सुरक्षित करने में जुट गईं।

उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कराई जाएगी। फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा और सहायता रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता है।

यात्रियों तथा उनके परिजनों की सुविधा के लिए रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। कानपुर सेंट्रल के लिए 0512-2323018, 0512-2323016 और 0512-2323015 नंबर उपलब्ध कराए गए हैं। प्रयागराज जंक्शन के लिए 0532-2408128, 0532-2407353 और 0532-2408149 तथा फतेहपुर स्टेशन के लिए 9151833006 नंबर जारी किया गया है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहायता और जानकारी के लिए इन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की है।