AD

KNP News

बिठूर में बेखौफ जेबकतरे, दिनदहाड़े दुकानदार की जेब काटकर उड़ाए पांच हजार रुपये


KNP NEWS | कानपुर ब्रेकिंग

मंधना पुलिस चौकी क्षेत्र में वारदात, बाइक सवार बदमाश फरार; पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। मंधना पुलिस चौकी के अंतर्गत कुरसौली पुल पर दिनदहाड़े जेबकतरों ने एक दुकानदार को अपना निशाना बनाते हुए उसकी जेब से पांच हजार रुपये पार कर दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, कुरसौली पुल पर ही पीड़ित दुकानदार का होटल है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस चौकी क्षेत्र में सरेआम जेबकतरे वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार कैसे हो गए?

घटना ने मंधना पुलिस चौकी की सक्रियता और क्षेत्र में पुलिस गश्त की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब दिनदहाड़े दुकानदार सुरक्षित नहीं हैं तो आम राहगीरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन उठाएगा?

अब देखना यह है कि बिठूर पुलिस बाइक सवार जेबकतरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर पाती है या यह वारदात भी पुलिस की फाइलों तक सीमित रह जाएगी।