AD

KNP News

कानपुर में वरिष्ठ अधिवक्ता की हत्या। शव को नहर किनारे फेंका कानून-व्यवस्था पर सवाल



knpnews.in

कानपुर, जालौन के कालपी बार संघ अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार (70) की हत्या के मामले में कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में उनका शव मिलने से सनसनी फैल गई। शनिवार शाम कालपी से लापता हुए अधिवक्ता का शव रविवार सुबह गुजैनी नहर के पास बरामद हुआ। घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, गयादीन अहिरवार शनिवार को किसी काम से उरई गए थे। दोपहर करीब चार बजे वह रोडवेज बस से कालपी के दुर्गा मंदिर चौराहे पर उतरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां पहले से बिना नंबर की एक कार खड़ी थी। उसके पास मौजूद युवक ने अधिवक्ता से बातचीत की और उन्हें कार में बैठाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।

देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। उनके पुत्र हर्ष ने अधिवक्ताओं को सूचना दी और कालपी कोतवाली में गुमशुदगी की जानकारी दी। रविवार सुबह कानपुर में शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी में गांव की जमीन को लेकर विवाद हत्या की संभावित वजह बताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

कालपी से कथित अपहरण और कानपुर में शव बरामद होने के घटनाक्रम ने दोनों जिलों की पुलिस के समन्वय पर सवाल खड़े किए हैं। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य साक्ष्यों की जांच से आरोपियों तक पहुंचना अहम होगा। अधिवक्ता समुदाय में शोक है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठ रही है।