AD

KNP News

जमीन के विवाद में गोलियों से गूंजा दहेली सुजानपुर, चार लोगों को मारी गोली 5 महीने से थाने के चक्कर काट रहा था पीड़ित परिवार




Knpnews.in 

कानपुर, बिधनू थाना क्षेत्र के दहेली सुजानपुर गांव में बुधवार दोपहर जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हुए टकराव में जमकर गोलियां चलीं। एक पक्ष पर चार लोगों को गोली मारकर घायल करने का आरोप है। ताबड़तोड़ फायरिंग और कई राउंड हवाई गोलियां चलने से गांव में भगदड़ मच गई। अचानक हुई इस वारदात के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, गांव में दोनों पक्षों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर तनातनी चल रही थी। बुधवार को इसी विवाद में कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने असलहों से फायरिंग शुरू कर दी। इसमें महेश राजपूत, अखिलेश, शीबू और साहिल गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायलों को लेकर तत्काल बिधनू सीएचसी पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हैलट अस्पताल भेज दिया गया। साहिल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पांच महीने से पुलिस के चक्कर लगा रहा था परिवार
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जमीन को लेकर विवाद कोई नया नहीं था। परिवार पिछले करीब पांच महीने से बिधनू थाने पहुंचकर शिकायत कर रहा था। कई बार पुलिस को मामले की जानकारी देने के बावजूद विवाद का समाधान नहीं हो सका। पीड़ितों का कहना है कि यदि समय रहते उनकी शिकायतों पर गंभीरता दिखाई जाती तो शायद आज चार लोगों को गोलियां नहीं लगतीं। इस घटना ने पुलिस की पूर्व कार्रवाई और शिकायतों के निस्तारण पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक अभिजीत सिंह सांगा भी हैलट अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। विधायक ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। उनके इस आश्वासन के बाद अब निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल यह भी है कि पांच महीने से चल रहे विवाद के बाद हुई इस गोलीबारी में आरोपियों के खिलाफ कितनी सख्त कार्रवाई होती है।
पुलिस बल तैनात, आरोपियों की तलाश
गोलीबारी की सूचना पर एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। डीसीपी साउथ समेत अन्य अधिकारियों ने भी मामले की जानकारी ली। पीड़ित पक्ष ने मुन्ना सिंह, सागर पाल और भोंपू पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।