Knpnews.in
गेस्टहाउस का कैमरा चेक कराने के लिए भटकता रहा पीड़ित, स्पिट डिजायर कार से आए चोरों का सुराग मिलने की थी उम्मीद; चौकी प्रभारी बोले- कैमरा आप ही खुलवा दीजिए
कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र के चिरान गांव में चोरी की एक वारदात ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 18 अक्टूबर की देर रात चोर सतीश निषाद की नौ बकरियां चोरी कर ले गए। चोरी गई बकरियों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पीड़ित सतीश गार्ड की नौकरी करता है। वारदात के बाद से वह चोरों को पकड़वाने के लिए पुलिस के चक्कर काट रहा है, लेकिन 22 दिन बीतने के बाद भी न तो मुकदमा दर्ज हुआ और न ही पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की जहमत उठाई।
पीड़ित का कहना है कि चोरी में इस्तेमाल की गई स्पिट डिजायर कार का सुराग एक निजी गेस्टहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे से मिल सकता है। उसने कई बार पुलिस से गेस्टहाउस का कैमरा चेक कराने की मांग की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। थाने में कई दिन तक चक्कर लगाने के बाद पीड़ित डीसीपी पश्चिम कासिम आबिदी से मिला। आरोप है कि डीसीपी ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि घटना का मुकदमा दर्ज किया जाए और संबंधित गेस्टहाउस का कैमरा भी चेक कराया जाए। इसके बावजूद मातहत पुलिसकर्मियों ने इन आदेशों को गंभीरता से नहीं लिया।
हैरानी की बात यह है कि पत्रकार द्वारा सोशल मीडिया पर खबर उठाए जाने के बाद सिंहपुर चौकी प्रभारी अमित सिंह ने जवाब दिया कि गेस्टहाउस संचालिका बुजुर्ग हैं, इसलिए वह कैमरा नहीं खुलवा पाए। उन्होंने पत्रकार से ही कहा कि आप आ जाइए और कैमरा खुलवा दीजिए।
अब सवाल यह है कि जब एक चौकी प्रभारी चोरी की घटना में सीसीटीवी फुटेज तक नहीं निकलवा पा रहे हैं तो बड़ी वारदातों में पुलिस की सक्रियता का अंदाजा कैसे लगाया जाए? क्या अब पीड़ितों और पत्रकारों को ही पुलिस का काम करना पड़ेगा?
पीड़ित का आरोप है कि समय रहते कैमरे की फुटेज चेक कर ली जाती तो स्पिट डिजायर कार से आए संदिग्धों की पहचान हो सकती थी और चोरी का खुलासा भी आसान हो जाता। लेकिन पुलिस की कथित लापरवाही से महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने में देरी हो रही है।
बड़ा सवाल यह है कि डीसीपी के स्पष्ट निर्देश के बाद भी मुकदमा दर्ज क्यों नहीं हुआ? सीसीटीवी फुटेज किसके आदेश का इंतजार कर रही है? आखिर नौ बकरियों की चोरी को लेकर पुलिस इतनी उदासीन क्यों है? कानपुर पुलिस की मुस्तैदी के दावों के बीच यह मामला पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।
