AD

KNP News

विराट कोहली का स्टंप उड़ाकर चर्चा में आया खिलाड़ी अब फिरकी से बरसा रहा है कहर, 18 साल की उम्र में नेट्स पर कोहली को किया था बोल्ड




Knpnews.in 

कानपुर, ग्रीन पार्क स्टेडियम में सितंबर 2024 में अभ्यास के दौरान विराट कोहली को अपनी गेंद पर बोल्ड कर सुर्खियां बटोरने वाले युवा स्पिनर कार्तिक यादव अब रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की टीम से खेल रहे 18 वर्षीय बाएं हाथ के इस गेंदबाज ने अपनी फिरकी के दम पर बल्लेबाजों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट मुकाबले की तैयारियों के दौरान नेट्स पर अभ्यास करते हुए कार्तिक ने विराट कोहली के स्टंप बिखेर दिए थे। इस उपलब्धि पर कोहली ने उनकी पीठ थपथपाई और मुस्कुराते हुए 'वेरी वेल बोल्ड' कहकर हौसला बढ़ाया। कार्तिक के लिए यह पल बेहद खास रहा। इसी दौरान अपने आदर्श रवींद्र जडेजा को करीब से देखकर वह इतने उत्साहित हुए कि केवल हाथ जोड़कर उनका अभिवादन कर सके।

कार्तिक ने पिछले रणजी सत्र में पदार्पण मुकाबले में पांच विकेट लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई थी। मौजूदा सत्र में बिहार के खिलाफ राजगीर में उन्होंने पहली पारी में चार सहित कुल छह विकेट हासिल किए। वहीं कानपुर में गोवा के खिलाफ सात बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर अपनी उपयोगिता साबित की।

कार्तिक का मानना है कि लाल गेंद के क्रिकेट में स्पिनर के लिए धैर्य सबसे जरूरी है। सपाट पिचों पर विकेट निकालने के लिए बल्लेबाज की कमजोरी पहचानना और गेंदबाजी में लगातार बदलाव करना पड़ता है। उनका लक्ष्य उत्तर प्रदेश को जीत दिलाने के साथ लगातार बेहतर प्रदर्शन करना है।