AD

KNP News

नाबालिक को ब्लैकमेल कर ऐंठे 1.52 लाख, पीड़िता को धमकाने वाला दारोगा सस्पेंड




Knpnews.in 

कानपुर, घाटमपुर क्षेत्र में पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा को कथित रूप से ब्लैकमेल कर 1.52 लाख रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने चार युवकों पर बेटी को अपने जाल में फंसाकर रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है। मामले में थाने के पुलिसकर्मियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई करने के बजाय उन पर समझौते का दबाव बनाया गया। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पीड़िता को धमकाने के आरोपी दारोगा को निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, घाटमपुर निवासी महिला का आरोप है कि कुछ समय पहले चार युवकों ने उनकी 13 वर्षीय बेटी को अपने प्रभाव में लेकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने डराकर उससे 55 हजार रुपये नकद और 97 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। मामले की जानकारी होने पर मां ने घाटमपुर थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी।

महिला का आरोप है कि थाने में तैनात दो दारोगाओं ने शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें समझौता करने के लिए दबाव में लिया। इससे परेशान होकर पीड़िता बुधवार को पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के पास पहुंची और पूरे प्रकरण की शिकायत की।

पुलिस आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए घाटमपुर थाना प्रभारी को मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आरोप है कि पुलिस आयुक्त से शिकायत करने के बाद जैसे ही महिला वहां से निकली, दारोगा नवीन कुमार ने फोन कर उसे धमकाना शुरू कर दिया। दारोगा ने कथित तौर पर कहा कि समस्या का समाधान पुलिस आयुक्त नहीं, बल्कि हम करेंगे।

दारोगा की इस हरकत से परेशान महिला दोबारा पुलिस आयुक्त के पास पहुंची और फोन पर हुई बातचीत की जानकारी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त ने दारोगा नवीन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया। साथ ही संबंधित प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

नाबालिग छात्रा से जुड़े इस मामले में अब आरोपियों के साथ-साथ पुलिस की शुरुआती भूमिका भी जांच के दायरे में है।