AD

KNP News

कानपुर में ‘वेलनेस लॉरेट्स 2026’ का भव्य आयोजन, चिकित्सा और समाजसेवा की 47 हस्तियां सम्मानित

KNP NEWS

विपिन सागर 
Knpnews.in 



कानपुर, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और सामाजिक कल्याण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशेषज्ञों को मिला सम्मान, पद्म पुरस्कार विजेता चिकित्सकों की रही विशेष उपस्थिति

कानपुर, 31 अक्टूबर। चिकित्सा, स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली देशभर की 47 प्रतिष्ठित हस्तियों को शनिवार को ‘वेलनेस लॉरेट्स 2026 : इंस्पायरिंग जर्नीज ऑफ एक्सीलेंस’ समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, चिकित्सा शिक्षा को प्रोत्साहित करने और समाजहित में कार्य करने वाले चिकित्सकों, शिक्षाविदों, संस्थागत नेतृत्वकर्ताओं एवं समाजसेवियों के योगदान को पहचान दिलाना रहा।

समारोह में चिकित्सा विज्ञान, हृदय रोग, मधुमेह, कैंसर उपचार, न्यूरोलॉजी, मानसिक स्वास्थ्य, नेत्र चिकित्सा, अस्थि रोग, महिला एवं बाल स्वास्थ्य, आयुर्वेद और जनस्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली विभूतियों को सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा सामुदायिक कल्याण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया गया।
पद्म पुरस्कार से सम्मानित चिकित्सकों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में पद्म भूषण और पद्मश्री से सम्मानित कई प्रतिष्ठित चिकित्सकों की उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही। इनमें पद्म भूषण सम्मान प्राप्त प्रो. केके तलवार, पद्मश्री सम्मानित प्रो. (डॉ.) अनूप मिश्रा, डॉ. मोहसिन वली, प्रो. रविकांत, डॉ. बीकेएस संजय और आचार्य जोनास मासेट्टी सहित स्वास्थ्य क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल रहीं।

वर्ष 2026 में पद्मश्री से सम्मानित प्रो. राजेंद्र प्रसाद, प्रो. सुरेश हनागावादी, प्रो. डॉ. श्याम सुंदर, डॉ. पद्मा गुरमेत और प्रो. केके ठकराल को भी सम्मान प्रदान किया गया।

प्रो. विनय कुमार पाठक को मिला विशेष सम्मान

उच्च शिक्षा और संस्थागत नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के कुलपति एवं एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पाठक को ‘वेलनेस विजनरी एकेडमिक लीडरशिप अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। वहीं, गोल्डी ग्रुप के संस्थापक सुरेंद्र कुमार गुप्ता को स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मान दिया गया।

कानपुर के चिकित्सा जगत की हस्तियों का भी सम्मान

समारोह में कानपुर के चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख विशेषज्ञों ने सहभागिता की। इनमें जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय कला, एलपीएस इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी के निदेशक प्रो. राकेश कुमार वर्मा, जेके कैंसर इंस्टीट्यूट के निदेशक प्रो. एसएन प्रसाद, रीजेंसी हेल्थकेयर के डॉ. एके त्रिवेदी और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. ऋषि शुक्ला सहित अन्य विशेषज्ञ शामिल रहे।

सामाजिक नेतृत्व और सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में योगदान के लिए नीतू सिंह को भी सम्मानित किया गया।

चिकित्सा और सामाजिक सेवा के अनेक क्षेत्रों की विभूतियां सम्मानित

समारोह में कल्याण सिंह कैंसर संस्थान, लखनऊ के निदेशक प्रो. एमएलबी भट्ट, केएम यूनिवर्सिटी मथुरा के प्रति कुलपति प्रो. शरद कुमार अग्रवाल, यूपीपीयूएमएस के कुलपति प्रो. अजय सिंह, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर की प्रो. मीरा अग्निहोत्री, रीजेंसी हॉस्पिटल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. अतुल कपूर और हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के प्रबंध निदेशक प्रो. अमोद कुमार सचान को सम्मान प्रदान किया गया।

इसके अलावा वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्या डॉ. वंदना पाठक, आयुर्वेदाचार्य डॉ. तनमय गोस्वामी, एचआईवी वेलफेयर सोसाइटी मुंबई के अध्यक्ष डॉ. जेके मनियर, आरएसएसडीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. अनुज महेश्वरी, यूपी डायबिटीज एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डॉ. बृज मोहन और डॉ. आरआर सिंह को भी सम्मानित किया गया।

चिकित्सा क्षेत्र की अन्य सम्मानित विभूतियों में वरिष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट प्रो. नवनीत कुमार, आईएमएस बीएचयू के डीन प्रो. संजय गुप्ता, वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुजाता चाहंडे, आईएमए कानपुर चैप्टर के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एसी अग्रवाल, वरिष्ठ पैथोलॉजिस्ट डॉ. अलका शर्मा, वरिष्ठ किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना भदौरिया, कानपुर के चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. उमेश पालीवाल, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. विकास गुप्ता और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. चंद्रु निहलानी शामिल रहे।

इसके साथ ही केजीएमयू के प्रो. राकेश कुमार दीक्षित, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कानपुर के प्रो. यशवंत कुमार राव, एचआईवी वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव डॉ. राहुल मिश्रा, कानपुर के वरिष्ठ चिकित्सक प्रो. उमेश्वर पांडेय, प्रो. अवधेश कुमार शर्मा, डॉ. चमन कुमार, रोटरी क्लब कानपुर के अध्यक्ष गौरव अग्रवाल जैन और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बीआर त्रिपाठी को भी सम्मानित किया गया।

समग्र स्वास्थ्य और जनजागरूकता पर दिया गया जोर

आयोजन में आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के साथ आयुर्वेद, योग, पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान और समग्र स्वास्थ्य की अवधारणा को भी प्रमुखता दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि बेहतर स्वास्थ्य का अर्थ केवल बीमारियों का उपचार नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, जागरूकता, अनुसंधान और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना भी है।

आयोजकों के अनुसार, ‘वेलनेस लॉरेट्स 2026’ महज एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्टता और सेवा भावना का उत्सव है। इस पहल के जरिए उन लोगों की उपलब्धियों को सामने लाया जा रहा है, जिनका कार्य समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और मानव कल्याण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।