AD

KNP News

कानपुर में महिला टी-20 टीम के चयन की प्रक्रिया शुरू, 55 खिलाड़ी दिखा रहीं हैं दम


विपिन सागर ब्यूरो

कानपुर, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने घरेलू महिला टी-20 ट्रॉफी के लिए प्रदेश की टीम तैयार करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में कमला क्लब में दो दिवसीय चयन मुकाबलों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आईं 55 महिला क्रिकेटरों को चार टीमों में बांटकर मैदान पर उतारा गया है।

चयन मुकाबलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उत्तर प्रदेश की महिला टी-20 टीम के लिए नाम तय किए जाएंगे। यूपी की टीम 14 नवंबर से कटक में राजस्थान के खिलाफ मैच खेलकर प्रतियोगिता में अपने अभियान का आगाज करेगी। इसके बाद टीम को बंगाल, सौराष्ट्र, तमिलनाडु और गुजरात की टीमों से भी मुकाबला करना होगा।

शनिवार को कमला क्लब में खेले गए मैचों में कानपुर सहित मेरठ, सहारनपुर, गाजियाबाद, प्रयागराज, आगरा, झांसी, फतेहपुर, गाजीपुर और वाराणसी समेत कई जिलों की खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सभी टीमों के बीच टी-20 प्रारूप में मुकाबले कराए गए। चयनकर्ताओं ने खास तौर पर बल्लेबाजों की आक्रामकता और गेंदबाजों की किफायती गेंदबाजी पर ध्यान दिया।

मैदान पर टीम ए और टीम सी की खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से चयन की दावेदारी मजबूत की। यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता के मुताबिक, दो दिनों तक होने वाले इन मुकाबलों में खिलाड़ियों का प्रदर्शन ही अंतिम चयन में अहम भूमिका निभाएगा। इस प्रक्रिया में कानपुर की 10 महिला क्रिकेटर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।