प्रमोद पाटिल और पूजा पाटिल के प्रशिक्षण में कानपुर मंडल से चार खिलाड़ियों का चयन
कानपुर, 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय स्टेट क्रिकेट प्रतियोगिता के अंडर-17 वर्ग में कानपुर मंडल की टीम का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी हर सहाय जगदंबा सहाय इंटर कॉलेज के खिलाड़ी आदित्य चौरसिया को दी गई है। आदित्य को कप्तान बनाए जाने से खेल प्रेमियों में उत्साह है। वहीं, प्रिंस, श्लोक निषाद और रेहान का भी मंडल की टीम में चयन हुआ है। ये चारों खिलाड़ी प्रतियोगिता में कानपुर मंडल की ओर से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
एनआईएस कोच प्रमोद पाटिल तथा फिजिकल कोच पूजा पाटिल के निर्देशन में खिलाड़ियों ने लगातार अभ्यास कर अपने खेल कौशल को बेहतर बनाया है। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में जगह मिलने से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने के साथ ही मंडल का गौरव बढ़ाने का मौका मिलेगा। कप्तान आदित्य चौरसिया के सामने व्यक्तिगत प्रदर्शन के साथ टीम के सभी खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने की चुनौती भी होगी।
आदित्य को टीम की कमान सौंपे जाने के साथ प्रिंस, श्लोक निषाद और रेहान के चयन पर खेल जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता जाहिर की। सर्वेश तिवारी, नीरज मिश्रा, सत्य प्रकाश तिवारी, आशीष सिंह, ब्रजेश अवस्थी, विकास सिंह, सुधीर अवस्थी, अमन सक्सेना, प्रशांत शुक्ला, प्रशांत वर्मा, राकेश पासवान और अल्का द्विवेदी सहित अन्य लोगों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी प्रतियोगिता में उम्दा खेल दिखाकर कानपुर मंडल का नाम रोशन करेंगे।
